उत्तराखण्ड
यहां एक अवैध मजार को प्रशासन ने देर रात बुल्डोजर चलाकर किया ध्वस्त।

देहरादून, 25 अप्रैल 2025 — राजधानी देहरादून के दून अस्पताल परिसर में बनी एक अवैध मजार को प्रशासन ने देर रात बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद हुई। जांच में पुष्टि हुई कि यह मजार सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई थी। खास बात यह रही कि मजार के मलबे से कोई धार्मिक अवशेष नहीं मिला।
ऋषिकेश निवासी पंकज गुप्ता द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत के बाद जिलाधिकारी देहरादून ने इस मामले में एक जांच समिति का गठन किया। समिति में उप जिलाधिकारी समेत राजस्व विभाग, नगर निगम, अस्पताल प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल थे। समिति ने मजार की वैधता, भूमि स्वामित्व और निर्माण की अनुमति से जुड़ी सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की। रिपोर्ट में मजार को अवैध करार देते हुए यह स्पष्ट किया गया कि इसका निर्माण बिना किसी स्वीकृति के सरकारी भूमि पर किया गया था। इसके बाद मजार के खादिम को नोटिस जारी किया गया और नियमानुसार कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सरकारी संपत्तियों की अवैध कब्जों से रक्षा की जा सके।
