उत्तराखण्ड
मां नंदा देवी महोत्सव को लेकर परिवहन विभाग अलर्ट, रात 8 बजे तक चलेंगी बसें।
हल्द्वानी। प्रसिद्ध मां नंदा देवी महोत्सव को देखते हुए परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारी की है। आरटीओ प्रवर्तन के साथ केमू और उत्तराखंड रोडवेज के अधिकारियों की बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों ओर से रात 8 बजे तक लगातार बसों का संचालन किया जाएगा।
इस व्यवस्था से देर शाम तक मेले का आनंद लेने वाले स्थानीय लोगों के साथ ही दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को घर लौटने में परेशानी नहीं होगी। अधिकारियों ने बताया कि रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर मांग के अनुसार तत्काल अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी।
हल्द्वानी डिपो के एआरएम संजय पांडे और काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश पंत ने बताया कि नैनीताल रूट पर फिलहाल बसों की पर्याप्त व्यवस्था है। वर्तमान में करीब 20 बसें नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। बस अड्डों पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में रिजर्व बेड़े से अतिरिक्त बसें तत्काल रवाना की जाएंगी।