उत्तराखण्ड
सामने आया तेंदुआ…विधायक ने दौड़ कर बचाई जान।
रुद्रपुर में सिडकुल की नील ऑटो कंपनी के गेट पर दो दिन से दिख रहे तेंदुए से कर्मचारियों में डर और दहशत थी। बृहस्पतिवार को विधायक शिव अरोरा और डीएफओ यूसी तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच अचानक तेंदुआ सामने आ गया। जान बचाने के लिए विधायक, डीएफओ, तहसीलदार और टीम को दौड़ लगानी पड़ी। गनीमत रही कि तेंदुआ घायल था। वरना विधायक व अन्य पर हमला हो सकता था।
विधायक शिव अरोरा, डीएफओ यूसी तिवारी, तहसीलदार दिनेश कुटौला व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कंपनी के बगल में गेहूं के खेत के पास विधायक और अन्य लोग पहुंचे ही थे कि अचानक सामने से तेंदुआ आ गया। तेंदुआ और विधायक के बीच कुछ ही दूरी थी। विधायक व अन्य लोगों ने दौड़कर तेंदुए से खुद को बचाया।
इसके बाद विधायक अरोरा ने बिना कोई देरी किए मौके पर ही डीएफओ को निर्देश दिए कि तेंदुए को रेस्क्यू किया जाए। इसके बाद टीम जाल लेकर पहुंची। विधायक भी मौके पर तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम के साथ जुट गए। उन्होंने सिडकुल और आसपास के गांव व रुद्रपुर के लोगों से अपील की है कि तेंदुए की दस्तक लगातार क्षेत्र में नजर आ रही है। इसलिए अपनी जान की सुरक्षा को देखते हुए शाम के समय अकेले बाहर न निकले।