Connect with us

उत्तराखण्ड

दुग्ध समितियों के चुनाव में मुकेश बोरा का दबदबा कायम,12वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष बने।

Ad

लालकुआं – नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।

चुनाव में अधिकांश समितियों में पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। कुल 245 समितियों में से 238 समितियों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि सात समितियों में चुनाव कराकर पदाधिकारियों का चयन किया गया।

दुग्ध समितियों के चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने एक बार फिर अपना प्रभाव कायम रखा। उन्होंने च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध जीत दर्ज की। बताया गया कि वर्ष 1996 से वह लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होते आ रहे हैं।

वहीं नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल के सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित होकर अपनी पकड़ बरकरार रखी। इसके अलावा हल्द्वानी क्षेत्र की संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर दुग्ध समिति तथा संचालक मंडल सदस्य हेमा पड़ियाड ने वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

बिंदुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का चुनाव खासा चर्चा में रहा। यहां नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। अध्यक्ष पद के चुनाव में उनके सामने उतरे जगदीश पंत ने उन्हें शिकस्त देकर जीत दर्ज की। पूर्व चेयरमैन की हार को समिति के चुनाव में महत्वपूर्ण राजनीतिक उलटफेर के तौर पर देखा जा रहा है।

निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न दुग्ध समितियों में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं प्रबंध कमेटी के सदस्यों के स्वागत और अभिनंदन का दौर जारी है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माला पहनाकर बधाई दी जा रही है। बड़ी संख्या में निर्विरोध निर्वाचन को समितियों में आपसी समन्वय और सहकारिता की भावना का परिणाम बताया जा रहा है।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, एफओ शांति कोरंगा, सहायक महिला डेरी गीता ओझा,

मीना रौतेला, रश्मि धामी, सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, प्रभारी रमेश आर्या, विपिन तिवाड़ी, कमलेश कुमार, महेश पांडे, जेई दिनेश कुलौरा, विजय चौहान एवं विमल कुमार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों के हित में मिलकर कार्य करने की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों एवं समिति सदस्यों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

More in उत्तराखण्ड

Trending News