उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड के अधिकतर जिलों में भारी बारिश और आंधी तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी।
मौसम विभाग ने प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसको देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों में प्रशासन की टीमों को अलर्ट रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और उधमसिंह नगर जिलों में मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की आशंका है। इन जिलों में भारी से अति भारी बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भारी बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है, लोग मई के महीने में गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं। गर्मी से बड़ी राहत मिली है। लगातार मूसलाधार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए पिथौरागढ़ जिले में सोमवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के आसपास न जाने और सतर्कता बरतने की अपील की है। मंगलवार को भी कई जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गयी है।