उत्तराखण्ड
जिला स्तरीय उद्योग मित्र समिति की बैठक विकास भवन सभागार, भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक सम्पन्न, उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
भीमताल
जिला स्तरीय उद्योग मित्र समिति की बैठक विकास भवन सभागार, भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में जनपद के औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों द्वारा अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया। जिसमें मुख्य रूप से सड़क, विद्युत, जलापूर्ति, प्रदूषण अनापत्ति, बैंक ऋण, जीएसटी, श्रम एवं परिवहन से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ जनपद में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबंध है, ताकि जनपद में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हो सकें।
उन्होंने महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र को निर्देश दिये कि उद्योग मित्र पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का नियमित अनुश्रवण किया जाए और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, पीएमईजीपी तथा अन्य विभागीय योजनाओं से उद्यमियों को लाभान्वित किया जाए।
बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र पल्लवी गुप्ता द्वारा जनपद में उद्योगों की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति से अवगत कराया गया। बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र द्वारा अवगत कराया गया कि बाजूनियाहल्दु- पतलिया से कोटाबाग को वैकल्पिक मोटर मार्ग विकसित करने, सूर्या गांव सातताल मोटर मार्ग व डानपरेवा मार्ग आदि का कार्य निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाना है।
इसके अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल भीमताल को भीमताल क्षेत्र में कचरा उठाने की समुचित व्यवस्था करने व संबंधित अधिकारी को भीमताल क्षेत्र में वितरित किए गये प्लाटों/रिक्त प्लूटों और बकायदारों की सूची सोमवार तक तैयार कर साझा करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भीमताल की अनुपस्थिति पर गहरी नाराजगी जाहिर की।
इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र पल्लवी गुप्ता सिडकुल, विद्युत, लोक निर्माण, श्रम, प्रदूषण, नगर पालिका, जल संस्थान, पेयजल निगम, परिवहन, खनन, जीएसटी, जिला अग्रणी बैंक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कुमाऊँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स, सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन एवं विभिन्न उद्योग संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

