उत्तराखण्ड
उत्तराखंड:शादी में जा रही किशोरी से जंगल में दुष्कर्म………. जबरन शराब भी पिलाई; मरा समझकर फेंका…… चार पर केस।

शादी में जा रही किशोरी से चार युवकों ने दो दिन तक सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसे जबरन शराब पिलाई गई। बाद में मरा समझकर आरोपी उसे बनबसा के जंगल में फेंक गए। छह मार्च के इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की। थक हारकर परिजनों ने कोर्ट की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है।
खटीमा कोतवाली क्षेत्र की महिला ने बताया कि वह छह मार्च की शाम नाबालिग बेटी के साथ एक शादी में जा रही थी। दोनों आगे-पीछे चल रहीं थीं। रात करीब आठ बजे बेटी अचानक गायब हो गई। उसकी काफी खोजबीन की लेकिन वह नहीं मिली।
बताया कि आठ मार्च को बनबसा जंगल के भीतर सड़क किनारे बेटी बेहोशी की हालत में मिली। होश में आने पर उसने बताया कि घटना वाली रात चकरपुर निवासी जतिन जोशी और खटीमा निवासी उपेंद्र, मनीष राणा व आकाश ने उसका अपहरण कर लिया था। उसे जबरदस्ती शराब पिलाई गई। चारों उसे बनबसा जंगल में लाए और दो दिन तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद मरा समझकर उसे जंगल में ही फेंक गए। पीड़िता की मां का आरोप है कि उन्हें लगातार धमकी मिल रही है। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट में शिकायती पत्र दिया।
नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में झनकईया थाने में चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थानाध्यक्ष को शीघ्र घटना के खुलासे के निर्देश दिए गए हैं।
