उत्तराखण्ड
ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 35 यात्री थे सवार
टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरे गदेरे में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बस ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गूलर के पास अचानक चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन पुल से नीचे जा गिरा। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गदेरे में गिरने के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी।
सूचना मिलते ही SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद अब तक करीब 20 घायलों को बस से बाहर निकाल लिया है। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा जा रहा है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव दलों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। पुलिस और SDRF की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।